देहरादून
नगर आयुक्त मनुज गोयल का व्हाट्सएप पर फोटो लगाकर साइबर ठगों ने फर्जीवाड़ा करने की कोशिश की। इस नंबर से नगर निगम के कई अधिकारियों को मैसेज भेजकर ई-वॉलेट में रकम जमा कराने को कहा गया। मामला नगर आयुक्त तक पहुंचा तो उन्होंने निजी सहायक के जरिए साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में तहरीर दी। तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एक अनजान नंबर से 18 मई को नगर निगम के सहायक नगर अभियंता वेद प्रकाश वधानी और कर अधीक्षक विनय प्रताप सिंह के व्हाट्सएप पर मैसेज आए। जिस नंबर से मैसेज आए उसकी डीपी पर नगर आयुक्त मनुज गोयल की फोटो लगी हुई थी। कर्मचारियों से पहले उनकी लोकेशन पूछी गई। इसके बाद उनसे मदद के नाम पर ई-वॉलट की जानकारी भेजकर उसमें रकम जमा कराने कहा गया। दोनों कर्मचारियों के फोन पर पहुंचे संदेशों का स्क्रीन शॉट लगाकर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में तहरीर दी गई। तहरीर वहां से शहर कोतवाली पहुंची। शहर कोतवाल विद्या भूषण नेगी ने बताया कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ साइबर अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच की जा रही है। वहीं, घटना के दिन नगर आयुक्त ने सभी कर्मचारियों को सूचना देकर अलर्ट कर दिया था। नगर आयुक्त मनुज गोयल ने बताया कि साइबर ठगों ने यह पैतरा अपनाया है। उन्होंने कहा कि जब वह रुद्रप्रयाग में तैनात थे, तब भी उनके अधीन कर्मचारियों को ऐसे मैसेज गए थे। पूर्व में उन्होंने केस दर्ज करा दिया था।

More Stories
राष्ट्रीय गौरव सम्मान से सम्मानित हुए विशाल त्यागी, पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रख्यात शिक्षाविद् डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने किया सम्मान
योग की छांव में विकास का संकल्प, एमडीडीए सिटी फॉरेस्ट पार्क बना स्वास्थ्य और प्रकृति का महाकुंभ, मुख्य सचिव संग हजारों लोगों ने किया योग, प्रकृति की गोद से गूंजा स्वास्थ्य का संदेश, सिटी फॉरेस्ट पार्क में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जुटे 1000 से अधिक लोग, योग-प्राणायाम के साथ स्वस्थ उत्तराखंड का लिया संकल्प
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा आयोजित NEET(UG) की परीक्षा के लिये दून पुलिस ने कसी कमर, परीक्षा केंद्रों में स्थापित कंट्रोल रूम, जैमर, सीसीटीवी कैमरो की क्रियाशीलता, प्रवेश/निकासी की व्यवस्था आदि का लिया जायजा