कालसी
कालसी क्षेत्र में एक महिला के फांसी लगा लेने की देर शाम मिली सूचना पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से महिला की जान बच गई। स्थिति यह थी कि यदि पुलिस के पंहुचने में एक दो मिनट की भी देर लगती तो महिला को शायद नहीं बचाया जा सकता था। पुलिस के इस प्रयास की क्षेत्र में तारीफ भी हो रही है।
घटनाक्रम के मुताबिक थाना कालसी क्षेत्र के ग्राम खादर से पुलिस को शनिवार की देर शाम लगभग सात बजे सूचना मिली कि घरेलू झगड़े के कारण एक महिला ने आत्महत्या की बात कहते हुए अपने आपको कमरे में बंद कर लिया है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अशोक राठौड़ पुलिस कर्मियों के साथ लगभग चार किलोमीटर दूर स्थित घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। मात्र छह मिनट में ही यह दूरी तय करते हुए पुलिस ने घर में पंहुचकर कमरे का दरवाजा तोड़ दिया। भीतर का मंजर देखकर सब हैरान रह गए। महिला मरणासन्न स्थिति में पंखे से लगाए गए फंदे पर झूल रही थी। पुलिस कर्मियों ने महिला को फंदे से उतारकर उसे होश में लाया। पुलिस महिला को लेकर पीएचसी कालसी पंहुची जहां उसका उपचार किया जा रहा है। महिला खतरे से बाहर बताई जा रही है। थाना प्रभारी अशोक राठौर ने बताया कि यदि पुलिस एक या दो मिनट भी देरी से पंहुचती तो महिला की मौत हो सकती थी। उधर पुलिस के घर में प्रवेश करने से लेकर महिला को फंदे से उतारने व उसे होश में लाने के प्रयास में जुटी पुलिस का किसी ग्रामीण के माध्यम से बनाया गया वीडियो वायरल होने पर लोग पुलिस के महिला की जान बचाने के इस कार्य की प्रशंसा भी कर रहे हैं।

More Stories
पर्यटन मंत्री ने किया ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर (TTF) में प्रतिभाग, विशिष्ट पहचान बना रही है आदि कैलाश परिक्रमा: महाराज
मुख्यमंत्री से महानिदेशक एनसीसी ने की शिष्टाचार भेंट, उत्तराखण्ड में एनसीसी के विस्तार एवं आधुनिक आधारभूत संरचना के विकास पर हुई महत्वपूर्ण चर्चा
24×7 अलर्ट मोड में रहें अधिकारी-मुख्य सचिव, मानसून-एसईओसी से मुख्य सचिव ने की विस्तृत समीक्षा