देहरादून
कालसी तहसील में एक पटवारी का रिश्वत लेते हुए वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसडीएम ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। वहीं वीडियो बनाने वाले व्यक्ति से लिखित शिकायत भी मांगी गई है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति पटवारी के पास दस्तावेज पर हस्ताक्षर करवाने के लिए पहुंचता है। व्यक्ति कहता है कि दस्तावेज पर मोहर लगा दीजिए। पटवारी कहता है की मोहर लगाना मेरा काम है पर खर्चा पानी लगेगा। व्यक्ति पटवारी को 500 रुपये का नोट देता है, लेकिन पटवारी कहता है कि दो हरी पत्ती लगेगी। व्यक्ति कहता है कि वह बड़ी मुश्किल से किसी से जुगाड़ कर पैसे लाया है। उसके पास घर जाने के लिए किराया भी नहीं है।
व्यक्ति बोलता है कि मोहर लगाने के बाद भी कुछ मिलता है या नहीं मिलता है। तब पटवारी कहता कि भरोसा नहीं है तो रहने दो, मैं बता रहा हूं कि मिलता है या नहीं मिलता है। पटवारी कहता है कि इससे कम में काम नहीं होगा, 500 रुपये और दो। वीडियो में पटवारी के हाथ में 500 रुपये का नोट भी नजर आ रहा है। पटवारी का एक सहायक भी साथ में बैठा है।
वीडियो में नजर आ रहे पटवारी का नाम सुखदेव जिनाटा बताया जा रहा है। पटवारी के पास सहिया के अलावा समाल्टा क्षेत्र का भी प्रभार है। एसडीएम कालसी योगेश मेहरा ने बताया कि वायरल वीडियो का मामला संज्ञान में है। उन्होंने बताया कि संबंधित पटवारी के खिलाफ जांच के आदेश दे दिए गए हैं। वहीं वीडियो बनाने वाले व्यक्ति से लिखित शिकायत भी ली जा रही है।

More Stories
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा आयोजित NEET(UG) की परीक्षा के लिये दून पुलिस ने कसी कमर, परीक्षा केंद्रों में स्थापित कंट्रोल रूम, जैमर, सीसीटीवी कैमरो की क्रियाशीलता, प्रवेश/निकासी की व्यवस्था आदि का लिया जायजा
हवा में नकली पिस्टल लहराना पडा भारी, दून पुलिस ने उतारी खुमारी, वाहन चालक के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही करते हुए फारच्यूनर कार को एमवी एक्ट में किया सीज
पीएम किसान सम्मान निधि के तहत प्रदेश के किसानों के खातों में पहुंची 159 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि, उत्तराखंड के 8 लाख से अधिक किसानों को मिला लाभ: मुख्यमंत्री