हरिद्वार: उत्तराखंड हाई कोर्ट के ध्वनि प्रदूषण को लेकर दिए गए सख्त आदेश के बाद पथरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने हिन्दू मुस्लिम समुदाय की बैठक के उपरांत मंदिर और मस्जिदों पर लगे लाउडस्पीकर उतारने का काम शुरू किया। अब कोर्ट से जारी दिशा निर्देशों के मुताबिक ही अनुमति लेकर किसी मंदिर या मस्जिद पर लाउडस्पीकर लग सकेगा।
गौरतलब है कि हाल ही में उत्तराखंड हाई कोर्ट ने प्रदेश पुलिस को सख्त दिशा निर्देश दिए थे कि तमाम मंदिर व मस्जिदों पर लगाए गए लाउडस्पीकर को उतारा जाए। इसी आदेश के क्रम में बुधवार देर शाम थानाध्यक्ष पथरी ने क्षेत्र के हिंदू मुस्लिम संप्रदाय से जुड़े लोगों के साथ बैठक की। बैठक में सभी लोगों को हाई कोर्ट के आदेशों से अवगत कराया। सभी लोग हाई कोर्ट के आदेशों का पालन करने पर राजी हो गए। इसके बाद आज पुलिस ने इलाके के सभी मंदिर व मस्जिदों पर लगे लाउडस्पीकर को उतारने का काम शुरू किया।
थानाध्यक्ष पथरी रविंद्र कुमार ने बताया कि लाउडस्पीकर उतारने में दोनों ही संप्रदाय के लोग पूरी तरह से सहयोग कर रहे हैं। अब यदि किसी को दोबारा मंदिर या मस्जिद पर लाउडस्पीकर लगाना होगा तो उसके लिए कोर्ट की अनुमति लेनी होगी। पथरी थाना क्षेत्र की 3 मस्जिद और 2 मंदिरों से लाउडस्पीकर उतारे गए।

More Stories
रानीपोखरी में 8 से 10 बीघा भूमि पर अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त, प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई, उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी बोले—अवैध प्लॉटिंग और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
संदिग्धों की तलाश हेतु अलग अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने चलाया सत्यापन अभियान, 21 संदिग्ध व्यक्तियों को लाया गया थाने, की जा रही पूछताछ
जनपद में प्रस्तावित वीवीआईपी भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत उच्चाधिकारियों द्वारा सुरक्षा में नियुक्त पुलिस बल को किया ब्रीफ