हरिद्वार
हरिद्वार बैरागी कैंप में एक गड्ढे की खोदाई में सरकारी अस्पतालों में आपूर्ति की जाने वाली दवाओं की खेप मिली है। शिकायत मिली तो जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम ने जेसीबी से गड्ढा खोदवाकर दवाएं बरामद की। बरामद दवाएं एक्सपायरी और नॉन एक्सपायरी हैं। डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को जांच कर मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए। मामले में मुख्य चिकित्साधिकारी ने भी एसीएमओ के नेतृत्व में गड्ढे में दवाएं दबाने की जांच के लिए चार सदस्यीय कमेटी गठित कर दी है।
बता दें, सोमवार की शाम बैरागी कैंप क्षेत्र में जेसीबी से गड्ढा खोदकर किसी ने सरकारी सप्लाई की दवाओं को दबा दिया। मंगलवार को गड्ढे में दबी और बाहर पड़ी कुछ दवाओं को देखकर किसी ने इसकी शिकायत जिलाधिकारी विनय शंकर पांडेय से फोन पर की। डीएम ने एसडीएम पूरण सिंह राणा को तत्काल मौके पर जाकर कार्रवाई के निर्देश दिए। एसडीएम ने ड्रग इंस्पेक्टर अनिता भारती के साथ गड्ढा खोदवाया तो उसमें दवाओं की पूरी खेप मिली।
ड्रग इंस्पेक्टर अनिता भारती ने बताया कि आधी दवाएं तो एक्सपायर हो चुकी हैं, लेकिन कुछ दवाओं की एक्सपायरी अभी पांच से सात महीने बाकी है। बताया कि सभी दवाएं सरकारी आपूर्ति की हैं। सीएमओ डाॅ. मनीष दत्त भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने दवाओं को भगवानपुर में वेस्ट बायोमेडिकल का निस्तारण करने वाली कंपनी में भेजने के निर्देश दिए। कहा कि दवाओं को नष्ट नहीं किया जाए। कंपनी में ही जांच होने तक रखा जाएगा।
बताया कि एसीएमओ डॉ. पंकज जैन की अध्यक्षता वाली जांच कमेटी में अनिल वर्मा, ड्रग इंस्पेक्टर अनिता भारती और चीफ फार्मेसिस्ट बिरम सिंह को रखा गया है। जिन्हें जल्द से जल्द जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।

More Stories
भारी बरसात के कारण उफनाई नदी में बह रहे कांवड़िए को पुलिस के जवानो ने अपनी जान की परवाह किये बिना किया सकुशल रेस्क्यू
कावड़ मेले को सकुशल रूप से संपन्न कराने के लिए खुद मैदान में उतरे एसएसपी दून, कांवड़ मेले में आये श्रद्धालुओं को फूल माला पहनाकर किया उनका स्वागत, फल, मिष्ठान तथा पेय पदार्थ वितरित कर सुरक्षित एवं सुगम यात्रा के लिए दी अपनी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने तीलू रौतेली एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार से मातृशक्ति को किया सम्मानित, तीलू रौतेली पुरस्कार की सम्मान राशि 51 हजार से बढ़ाकर 75 हजार और आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार की राशि 51 हजार से बढ़ाकर 61 हजार रुपये करने की मुख्यमंत्री ने की घोषणा