देहरादून
देश के कोने कोने से दून पहुंचने वाले पर्यटकों के साथ ही स्थानीय शहरियों को इलेक्ट्रिक बसों के साथ ही अब इलेक्ट्रिक साइकिलों की भी सुविधा मिलेगी। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत राजधानी की सड़कों पर पब्लिक इलेक्ट्रिक साइकिल शेयरिंग सिस्टम परियोजना को धरातल पर उतारने की तैयारी है। इसके लिए स्मार्ट सिटी परियोजना और यस बैंक के अधिकारियों के बीच समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।
स्मार्ट सिटी परियोजना के मुख्य कार्यकारी अधिकारी/जिलाधिकारी डॉ. आर राजेश कुमार ने बताया कि योजना को धरातल पर उतारने के बाद पब्लिक इलेक्ट्रिक बाइसिकल शेयरिंग सिस्टम के तहत कई स्थानों पर शेयरिंग साइकिल का लाभ पर्यटकों, स्थानीय शहरियों को मिलेगा। बताया कि योजना के तहत दून में 10 चिह्नित स्थानों पर इलेक्ट्रिक साइकिल स्टेशन बनाए जाएंगे। प्रत्येक साइकिल स्टेशनों पर कुल 100 ई-साइकिलें मुहैया कराई जाएंगी। ई-साइकिलों का उपयोग कोई भी कर सकेगा। ये सभी इलेक्ट्रिक साइकिलें जीपीएस सिस्टम से लैस होंगी, ताकि इनकी मानीटरिंग की जा सके।
इलेक्ट्रिक साइकिलों को शहरी अधिक से अधिक उपयोग कर सकें, इसके लिए इलेक्ट्रिक साइकिलों के उपयोग को लेकर स्मार्ट कार्ड भी बनाए जाएंगे। इलेक्ट्रिक साइकिलों की निगरानी की जा सके, इसके लिए स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत स्थापित देहरादून इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से साइकिलों की निगरानी की जाएगी। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत शहरियों को बेहतर यातायात सुविधाएं मुहैया कराने को लेकर इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जा रहा है। हालांकि, योजना के तहत 30 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाना है, लेकिन अभी फिलहाल 10 बसों का ही संचालन हो पाया है।

More Stories
एलपीजी गैस की कालाबाजारी रोकने तथा शतप्रतिशत् होमडिलिविरी सुनिश्चित करवाने के जिलाधिकारी सविन बसंल के निर्देश
नशा तस्करों के विरूद्ध दून पुलिस की ताबडतोड कार्यवाही, अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 6 नशा तस्करों को किया गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक विकासनगर द्वारा किया गया फायर स्टेशन सेलाकुई का अर्द्ध वार्षिक निरीक्षण, आपात स्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही हेतु सदैव तत्पर रहने के दिये निर्देश